जिला अस्पताल वाराणसी में चिकित्सा से जुड़े कर्मचारियों ने कजरा मोहब्बत वाला गाने पर जमकर ठुमका लगाया। फिल्मी और भोजपुरी गीतों का खुमार ऐसा चढ़ा कि ये भी भूल गए कि जहां ये सब हो रहा है वो अस्पताल का कमरा है। वीडियो वायरल हो रहा है और सवाल उठ रहे हैं। मामले पर सीएमओ ने कहा कि जांच करवाएंगे।
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों के साथ कर्मचारियों ने खूब ठुमके लगाए। इसका एक-दो नहीं बल्कि चार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें डयूटी के समय का ड्रेस पहने स्टाफ नर्स और अपने गले में जिला अस्पताल का पहचान पत्र लटकाए कर्मचारी हिंदी गीतों के साथ ही भोजपुरी गीतों पर खूब ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। स्टाफ नर्स के प्रमोशन की इस पार्टी में सीएमएस से लेकर अन्य अधिकारी, चिकित्सक भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में चार स्टाफ नर्स का प्रमोशन दीपावली से कुछ दिन पहले ही हुआ था।
विज्ञापन
इसकी खुशी में अस्पताल में दीपावली से ठीक पहले प्रमोशन की पार्टी रखी गई। अस्पताल के सेमिनार हाल में हुई पार्टी का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक वीडियो में सेमिनार हाल में अस्पताल के सीएमएस डाॅ. दिग्विजय सिंह, एमएस डा. प्रेमप्रकाश सहित अन्य डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ बैठे हैं। इस वीडियो में गाना गाया जा रहा है लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो देख हर कोई हैरान है। चार वीडियो में हिंदी, भोजपुरी गीतों पर स्टाफ नर्सों के साथ कुछ वरिष्ठ कर्मचारी इस तरह ठुमके लगा रहे हैं, जैसे कि वह अस्पताल नहीं बल्कि किसी शादी समारोह या बाहर कहीं मैरेज हाल या अन्य जगह पर हो। वायरल वीडियो की जानकारी अस्पताल प्रशासन को हुई तो अधिकारी हैरान हैं।
नहीं उठा सीएमएस का फोन, एमएस ने दी हिदायत, सीएमओ बोले- जांच करवाएंगे
वायरल वीडियो पर कार्रवाई के बारे में जब अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिग्विजय सिंह से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन तो नहीं उठा लेकिन अस्पताल के एमएस डॉ. प्रेमप्रकाश का कहना है कि उनको भी बुधवार को दिन में वीडियो व्हाटसएप पर कई जगहों से मिली है। बताया कि चार स्टाफ नर्सों की प्रमोशन की पार्टी थी, इसमें ठुमके लगाते हुए कर्मचारी दिख रहे हैं। बताया कि संबंधित कर्मचारियों को भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी है। उधर सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने अस्पताल परिसर में ड्रेस कोड में इस तरह की गतिविधियों को करना गलत बताया है। साथ ही कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।