लाल बहादुर शास्त्री जी की पुण्यतिथि पर विचार व्यक्त करती नीरजा माधव । संवाद
लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर रविवार को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्मृति भवन संग्रहालय में भारतीय जन जागरण समिति के सहयोग से पुष्पांजलि, संगोष्ठी, सुंदरकांड पाठ व दीपांजलि का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ हुआ।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि काशी और रामनगर के लाल, पूर्व प्रधानमंत्री, जय जवान-जय किसान के उद्घोषक, सादगी और साहस के प्रतीक, श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व से देश के राजनीतिक इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। मुख्य वक्ता डॉ. नीरजा माधव ने कहा कि शास्त्री जी का 18 महीनों का प्रधानमंत्री कार्यकाल भारतीय राजनीति का टर्निंग पॉइंट था।
उन्होंने अहिंसा को वीरता में बदला और अपनी भारतीय सेना के भीतर जोश का भाव भरा। अपनी सेना को अस्त्र-शस्त्र से सुसज्जित किया। अध्यक्षता प्रो. श्रद्धानंद ने की। मधुकर पांडेय, डॉ. अनुपम गुप्ता, सृजन श्रीवास्तव, अशोक जायसवाल, बेनी माधव, डॉ. अजय गुप्ता, महेंद्र शास्त्री, मनोज श्रीवास्तव माैजूद रहे। अमित कुमार द्विवेदी संचालन किया।