होली वाले दिन अगर आपको किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। बीएचयू, दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों की इमरजेंसी को अलर्ट पर रखा गया है। यहां चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ ही इलाज की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि अस्पतालों की इमरजेंसी को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी घायल या फिर अन्य तरह की समस्या को लेकर कोई मरीज आए तो उसे तुरंत इलाज मिल सके। बताया कि अपने मोबाइल से 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुला सकते हैं। इसके बाद अस्पताल पहुंचते ही इलाज होगा। सभी जगहों पर इमरजेंसी में चिकित्सकों, पैरामेडिकल की तैनाती कर दी गई है।
खुशियों के बीच सावधानी भी है जरूरी
मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. प्रसन्न कुमार ने बताया कि वैसे तो अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज की मुकम्मल व्यवस्था है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों की जरूरत के हिसाब से चर्म, हड्डी रोग, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ सहित सभी चिकित्सक मौजूद रहेंगे। किसी को भी परेशानी नहीं होगी। लोगों से अपील है कि त्योहार की खुशियों के बीच सावधानी बरतनी जरूरी है। रंग खेलते समय आंखों को बचाएं। तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से बचे। इसके अलावा ज्यादा तेल, मसालेदार भोजन से भी बचना चाहिए।