पैनल में खराबी के कारण केराकतपुर, लोहता, भिटारी, इंद्रपुरी कॉलोनी, महेशपुर ब्लॉक रोड, लहरतारा, डीहबाबा, उत्तरी ककरमत्ता समेत कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। इसके अलावा मंडुवाडीह सब्जी मंडी और कैंट स्टेशन के आसपास भी सुबह लगभग आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
दोपहर करीब 2:30 बजे मंडुवाडीह सब्जी मंडी के पास हाल ही में लगाए गए नए ट्रांसफॉर्मर से तेज आवाज आने के बाद वह खराब हो गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आपूर्ति बहाल करने में एक घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को गर्मी और उमस के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उधर शिवाजीनगर कॉलोनी, गोकुलनगर, शीलनगर, चेतगंज, महमूरगंज सहित कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। लगातार ट्रिपिंग और फाल्ट से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विभाग को प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि बार-बार होने वाली कटौती से राहत मिल सके।