बिजली के खंभे पर चढ़ा मानसिक रूप से बीमार युवक।
कैंट रेलवे स्टेशन के पार्सल ऑफिस में मंगलवार को मानसिक रूप से बीमार युवक ने करीब डेढ़ घंटे तक लोगों को खूब छकाया। परिसर में लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर वह चढ़ गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ की तमाम कोशिशों के बाद भी वह नीचे नहीं उतरा तो फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। बाद में पहुंचे परिवार के लोग उसको घर ले गए।
अंबेडकर नगर के रहने वाले रत्नेश कुमार सोनी के परिजन उसके ईलाज के लिए वाराणसी लाए थे। सुबह महमूरगंज अपने रिश्तेदार के घर से वह भागकर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंच गया और बिजली के खंभे पर चढ़ गया। जानकारी मिलने पर पहुंचे आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त ने बिजली विभाग को कनेक्शन काटने के लिए कहा जिसपर जानकारी मिली की उसमें पहले से ही करंट नही है। इस पर जब सिपाही खंभे पर चढ़ने का प्रयास करने लगे तो वह वहां से कूदने की धमकी देने लगा। उसे तमाम तरह से मनाने, लुभाने का प्रयास किया गया। जब बात नही बनी तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इधर, मौके पर तमाशबीनाें का मजमा लग गया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तो वह खुद नीचे उतर आया। बाद में उसके परिजन आए और उसे लेकर गए।