मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन
- फोटो : अमर उजाला
स्पीड ट्रायल कल, मंडुवाडीह-हरदत्तपुर ट्रैक से रहें दूर
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुवाडीह-हरदत्तपुर तक रेलवे ट्रैक दोहरीकरण का कार्य पूरा हो गया है। अब इस रूट पर स्पेशल ट्रेन दौड़ाकर स्पीड ट्रायल किया जाएगा। छह दिसंबर को पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रायल अवधि में ट्रैक पार नहीं करने की चेतावनी जारी की है। इस बीच इस मार्ग पर पड़ने वाले समस्त रेलवे स्टेशनों सहित फाटकों को यह सूचना जारी की गई है।
जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि वाराणसी-प्रयागराज दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत इस रेलवे खंड का निरीक्षण करने को रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्व परिक्षेत्र लखनऊ मो. लतीफ खान आ रहे हैं। रेल आलाधिकारियों के संग मंडुवाडीह से हरदत्तपुर तक दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे।
इसके लिए आरपीएफ जागरूक करते हुए चेतावनी भी दे रही है कि छह नंवबर को ट्रैक को पार न करें, मवेशियों को खुला चरने के लिए न छोड़े और रेलपथ से दूरी बनाएं रखें। वाराणसी मंडल के छपरा ग्रामीण से खैरा तक नई ब्राड गेज बाईपास लाइन का भी कार्य पूरा कर लिया गया है। सात दिसंबर को रेल संरक्षा आयुक्त बाईपास लाइन का भी निरीक्षण करेंगे। इस रूट को भी आर-पार नहीं करने की चेतावनी जारी की गई है।
विभूति व संभलपुर एक्सप्रेस निरस्त
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुवाडीह स्टेशन एवं लोहता बाईपास लाइन के नान इंटरलॉकिंग कार्य के कारण बुधवार को दो जोड़ी ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। हावड़ा और प्रयागराज से खुलने वाली विभूति एक्सप्रेस व संभलपुर और मंडुवाडीह से खुलने वाली ट्रेनों को पांच दिसंबर तक निरस्त किया गया है।