बुजुर्ग हृदय नारायण के अनुसार शनिवार रात लगभग दो बजे के आसपास अचानक चार से पांच की संख्या में नकाबपोश युवक घर में अचानक आ गए। पीछे खिड़की में लगा ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए थे। रात में गिरने-पड़ने की आहट महसूस हुई तो नींद खुल गई। कमरे से बाहर निकला तो युवकों ने असलहा निकाल लिया। इसी बीच कमरे में घुस गए और पत्नी श्यामा देवी के मुंह पर टेप चिपकाते हुए हाथ बांध दिया।
धमकी दी कि शोर मचाया तो खोपड़ी उड़ा दूंगा। इसके बाद पत्नी के हाथ में सोने की चूडियां ,ब्रेसलेट और चेन के साथ ही कान का टाप्स भी निकालवा लिए। कमरे में रखी अटैची खोलकर 50 हजार नकद, सोने की चार चुड़ी, दो सोने के सिक्के और दो जोड़ी पायल निकाल लिए। पर्स में रखा 2 हजार रुपया भी नही छोड़े।
सेवानिवृत्त प्रोफेसर ने बताया कि इसके बाद दोनों लोगों को बाथरूम में बंद कर बदमाश भाग निकले। उन्होंने बताया कि डर के कारण हम लोग बाथरूम की कुंडी अंदर से बंद कर लिए। अहले सुबह किसी तरह हाथ खोला। फिर पत्नी के बंधन से मुक्त किया। मोबाइल से कंट्रोल रूम और बेटे को घटना की जानकारी दी।
रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि तफ्तीश में सामने आया कि पीछे के कमरे की खिड़की में लगे लोहे के ग्रिल को तोड़कर बदमाश अंदर घुसे थे और उसी रास्ते वापस भी गए। डॉग स्क्वायड की टीम बाईपास तक गई और उसके बाद वापस लौट आई। आशंका है कि घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हाईवे से होकर भागे होंगे।
पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे को पुलिस खंगाल रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज से यह तस्दीक कराई जा रही है कि घटना में कितने लोगों की संलिप्ता थी। उधर, दोपहर में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा, सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी ने पीड़ित बुजुर्गों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बातचीत के दौरान बुजुर्ग दंपती ने बताया कि यह दूसरी घटना है, इसके दो साल पहले मकान में चोरी हुई थी लेकिन उस समय मकान में कोई रहता नहीं था। इसलिए चोरों के हाथ कुछ लगा नहीं था। बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि नकाबपोश लुटरों की उम्र 20 से 25 साल के आसपास रही होगी। सभी की भाषा शैली थोड़ी अलग थी।
रिटायर्ड प्रोफेसर के घर डकैती मामले में लापरवाही बरतने और बीट पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की दशा में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने अखरी चौकी प्रभारी उमेश राय को निलंबित कर दिया। वहीं चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी गई है।