इजी ऑटो कार्ड को दिखाते वाराणसी वाराणसी एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
अब ऑटो के रूट और परमिट का घालमेल नहीं चलने वाला। शहरी परमिट वाले सभी ऑटो पर कंप्यूटराइज्ड ‘इजी ऑटो कार्ड’ लगाए जाएंगे। इसके जरिए न सिर्फ ऑटो के रूट और परमिट की तस्दीक होगी बल्कि चालक का नाम और मोबाइल नंबर भी यात्रियों को ऑटो में बैठते ही पता चल जाएगा।
इसे यात्री सुरक्षा के नजरिए से भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शहरी परमिट वाले ऑटो पर कंप्यूटराइज्ड ‘इजी ऑटो कार्ड’ यातायात पुलिस लाइन में लगाया जाएगा। एक एनजीओ की मदद से इसे तैयार कराया जा रहा है। एक ऑटो में ये तीन कॉर्ड लगेंगे। एक ऑटो के आगे, एक पीछे और एक चालक की सीट के पीछे।
कार्ड में चालक का नाम, फोटो, मोबाइल नंबर व ब्लड ग्रुप, मालिक का नाम, ऑटो के रजिस्ट्रेशन व परमिट संबंधी विवरण के अलावा महिला हेल्पलाइन, पुलिस कंट्रोल रूम और एंबुलेंस का नंबर दर्ज होगा।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि शहर में डग्गामार ऑटो पर अंकुश के साथ ही यह कार्ड यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम होगा।
यात्री को ऑटो चालक के बारे में पूरी जानकारी होगी और किसी भी विपरीत परिस्थिति में वह तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन के जरिए मदद प्राप्त कर सकेगा।
पखवारे भर में ये कॉर्ड लगने शुरू हो जाएंगे। एक ऑटो चालक को तीन कार्ड के लिए लगभग 60 रुपये से 75 रुपये खर्च करना होगा।