रामनगर। डुप्लीकेट प्लाई बिक्री की सूचना पर पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को भारुका डोर्स एजेंसी में छापा मारा। इस दौरान गोदाम से तीन ट्रक से अधिक प्लाई बरामद हुई।
कोलकाता की ग्रीन प्लाई ब्रांड कंपनी को शिकायत मिल रही थी कि रामनगर में भारुका डोर्स नामक एजेंसी द्वारा ग्रीन प्लाई का ठप्पा लगा कर नकली प्लाई बेची जा रही है। कंपनी की अधिकृत अधिकारी चेतना खन्ना ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। डीसीपी काशी जोन के निर्देश पर रामनगर थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय और कंपनी की अधिकारी एजेंसी पर धमके। यहां प्लाई पर ग्रीन गैलरी का ठप्पा मिला। मध्य प्रदेश निवासी भारुका डोर्स के मालिक प्रतीक भारुका ने बताया कि वह मुजफ्फरपुर से माल मंगाकर बेचते हैं। उनके पास बिल वाउचर है। जबकि ग्रीन प्लाई की अधिकारी चेतना खन्ना का कहना था कि उनके ब्रांड नाम का गलत उपयोग किया जा रहा है। इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय ने बताया कि तीन ट्रक से अधिक माल बरामद किया गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संवाद