जांच करती एसपीजी की टीम
- फोटो : amar ujala
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी आगमन के दौरान भाजपा पदाधिकारी शहर में 22 जगह पर टोलियों के साथ स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा के साथ डमरू बजाकर भाजपाई उनका अभिनंदन भी करेंगे।
गुलाब बाग स्थित कार्यालय में बुधवार को महानगर पदाधिकारियों की बैठक में स्वागत की योजना को अंतिम रूप दिया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस लाइन से काशी विश्वनाथ मंदिर द्वार और लौटते समय तक स्वागत का निर्णय लिया गया।
श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को राजकीय निर्माण निगम बनाएगा। कॉरिडोर के सुपर स्ट्रक्चर के लिए निगम को काम आवंटित कर दिया गया है। सुपर स्ट्रक्चर तैयार करने में 380 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आधारशिला रखे जाने के बाद राजकीय निर्माण निगम पहले चरण का काम शुरू कर देगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
राजकीय निर्माण निगम ने बुधवार को मंदिर परिसर की खाली जमीन का समतलीकरण कराया। अधिकारियों ने बताया कि आठ मार्च के बाद परिसर से मिट्टी निकालने का काम शुरू किया जाएगा। पहले चरण में समतलीकरण का पूरा होने के बाद घाट से निर्माण शुरू किया जाएगा। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि काम राजकीय निर्माण निगम को आवंटित किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 380 करोड़ रुपये है।