प्राय: दैवीय आपदाओं के समय लोग जरूरी सामान, दवाओं के लिए परेशान रहते हैं लेकिन अब उन्हें इससे निजात मिल जाएगी। इस तरह के संकट में उनके पास सामान पहुंचाने में ड्रोन मददगार साबित होगा।
आईआईटी इलाहाबाद के छात्रों ने एक ऐसा ड्रोन तैयार किया है, जिसकी मदद से दो मिनट के भीतर करीब तीन किलोग्राम के सामान दो किलोमीटर तक आसानी से पहुंचाए जा सकते हैं।
शुक्रवार को बीएचयू के दृश्यकला संकाय परिसर में लगे इनोवेशन फेयर में इसके अलावा कई नए प्रयोगों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। यहां छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोगों ने नए प्रयोगों के बारे में जानकारी ली।
डिजाइन इनोवेशन सेंटर के समन्वयक डॉ. मनीष अरोरा के निर्देशन में दो दिन तक चलने वाले फेयर में दिल्ली, पंजाब, इलाहाबाद, खडगपुर आदि जगहों से सेंटर की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए।
इतनी लागत से तैयार किया है ड्रोन
ड्रोन
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. राजीव संगल ने उद्घाटन के बाद फेयर में लगे नए प्रोजेक्ट का अवलोकन करने के बाद प्रतिभागियों के प्रयास को सराहा। इस दौरान आईआईटी इलाहाबाद से सुनील यादव, पवन, शेफाली आदि ने विशेष प्रकार के ड्रोन की प्रदर्शनी लगाई।
सुनील ने बताया कि करीब 1.25 लाख की लागत से यह ड्रोन तैयार किया गया है, जिसे आपदा के समय इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा आईआईटी बीएचयू की ओर से मछली पालन, शुद्ध जल मशीन बनाई गई है।
आईआईटी खडगपुर के छात्रों की ओर से तैयार राइस पफेड मशीन (चना, चावल, मकई भुनना), जूट से सुतली बनाना और पत्ते की मदद से दोना बनाने वाली मशीन बनाई गई है। आईआईटी दिल्ली से दीपांकर ने वायरलेस होम प्रोडक्ट आदि का मॉडल प्रदर्शित किया।