वाराणसी के लोग पिछले सप्ताह जहां तेज धूप और गर्मी से बेचैन हो गए थे, वहीं इस सप्ताह रुक रुक कर बारिश होने से राहत मिली है। गुरुवार को दिन में हवा की रफ्तार तो थमी रही लेकिन शाम को तेज बारिश की वजह से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम में बदलाव का ही असर है कि तापमान में भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। यहीं कारण है कि रात में सिहरन जैसा महसूस होने लगा है।
वाराणसी में बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
काशी में आज भी धूप नहीं निकली है। वहीं बीते दो दिन में 39 मिलीमीटर और 4 दिन में 60 मिलीमीटर की बरसात दर्ज की गई है। हवा 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।
पिछले तीन-चार दिनों से हवा में नमी अधिक होने और बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को दिन में तो केवल बूंदाबांदी हुई लेकिन शाम करीब छह बजे हुई तेज बारिश की वजह से शहरी और ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर सड़कों पर पानी भी भर गया।
वाराणसी में बारिश
- फोटो : अमर उजाला
हालांकि बूंदाबांदी का सिलसिला बुधवार रात से ही शुरू हो गया था लेकिन अगले दिन सुबह मौसम साफ हो गया था। कुछ देर के लिए धूप भी हुई लेकिन बादलों की आवाजाही की वजह से उसका असर भी कम ही रहा। पिछले सप्ताह 11 सितंबर को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस था जो कि गुरुवार को घटकर 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उत्तरी पूर्वी हवाओं के चलने की वजह से मौसम बदला है। रुक-रुककर बारिश होने का यह सिलसिला दो से तीन दिन और देखने को मिल सकता है।