झुन्ना पंडित के शूटर अनुज झा ने अपने साथी यश और प्रमोद के साथ पहले रेकी की। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने ड्राई रिहर्सल भी किया। 14 जून देर रात वारदात को अंजाम दिया। बाइक को यश सिंह चला रहा था और अनुज ने गोली चलाई थी। हालांकि मालवाहक वाहन चालक और खलासी के पास पैसे नहीं थे।
गिरफ्त में आए आरोपियों ने पूछताछ में घटना से संबंधित जानकारी दी। जिस रेस्टोरेंट में साजिश रची गई उसके संचालक दीपांकर पटेल, असलहा की सप्लाई करने वाले रोहित यादव और एक पंक्चर बनाने वाला अभिषेक पटेल उर्फ बच्चा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। प्रकरण में अबतक कुल पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
चौबेपुर थाना अंतर्गत रुस्तमपुर निवासी मनीष यादव आशिकी गुटखा फैक्ट्री में मालवाहक वाहन पर खलासी था। सोमवार की देर रात वह वाहन चालक सारनाथ थाना अंतर्गत नवापुर सराय निवासी लालजी पाल (45) के साथ आजमगढ़ से माल की डिलिवरी के बाद रात में ढाई बजे लालपुर आया। पेट्रोल पंप पर मालवाहक वाहन खड़ा करने के बाद चालक और खलासी मनीष अपने बाइक से घर जा रहे थे, उसी समय पीछे से ओवरटेक कर आए बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
बदमाशों ने बीच सड़क दौड़ाकर मनीष को पेट में गोली मारी। वहीं, सीने पर गोली लगते ही लालजी अचेत हो गया था। दोनों को पुलिस ने बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को मनीष की मौत हो गई। सीसी कैमरे की फुटेज में साफ दिखा कि बीच सड़क अंधाधुंध फायरिंग करते हुए बदमाश भाग निकले।
वाराणसी का गैंगस्टर श्रीप्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित पांडेयपुर का रहने वाला है। झुन्ना पर हत्या, रंगदारी और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर आरोपों में वाराणसी और आसपास के जिलों में डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार अपना गैंग संचालित करने के साथ ही झुन्ना मऊ सदर विधायक मुख्तार अंसारी के गिरोह से भी जुड़ा है।