बीएचयू एसवीडीवी में नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. फिरोज खान को सोमवार को बीएचयू प्रशासन की ओर से कला और आयुर्वेद संकाय के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया। अब किस संकाय में ज्वाइन करना है, यह फैसला डॉ. फिरोज को करना है।
डॉ. फिरोज के कला संकाय के संस्कृत विभाग और आयुर्वेद संकाय के संहिता एवं संस्कृत विभाग में चयन होने की सूचना सात दिसंबर को ही कार्यकारिणी सदस्यों को दे दी गई थी। बीएचयू प्रशासन के मुताबिक, वह एसवीडीवी में पहले से ही सेवा दे रहे हैं। सोमवार शाम डॉ. फिरोज को कला और आयुर्वेद संकाय के लिए नियुक्ति पत्र दे दिया गया है।
उधर, सोमवार दोपहर उनके कला संकाय के संस्कृत विभाग में ज्वाइन करने की चर्चा चली, लेकिन विभाग की ओर से इसे खारिज कर दिया गया। आयुर्वेद संकाय के प्रमुख प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी ने बताया कि डॉ. फिरोज को नियुक्ति पत्र मिल गया है। नियमानुसार एक महीने के भीतर उन्हें संकाय में ज्वाइनिंग करना है। अगर डॉ. फिरोज संकाय में आएंगे तो उन्हें ज्वाइन कराया जाएगा।