यूपी के जौनपुर जिले में मंगलवार सुबह तकरीबन पौने सात बजे गेटमैन की सूझबूझ से बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। देहरादून से हावड़ा जा रही दून एक्सप्रेस ट्रेन पलटने से बच गई।
लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर गोड़िला फाटक के समीप रेल पटरी टूटी मिली। गेटमैन ने दौड़ते हुए सात सौ मीटर दूर जाकर ट्रेन को रोकी। रेल ट्रैक टूटने से कई ट्रेनें विलम्ब हो गयी। रेलवे ट्रैक सही होने पर डेढ़ घंटे के बाद संचालन शुरू किया जा सका।
जौनपुर में गोड़िला रेलवे क्रासिंग के गेट संख्या 65सी से सौ मीटर की दूरी पर टूटी रेल पटरी को देखकर अपने खेत में जा रहे ताखा शिवपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान ने गेटमैन चन्द्रशेखर यादव को सूचना दी। तब तक गेटमैन ट्रेन संख्या 13010 लखनऊ से शाहगंज की ओर आने वाली दून एक्सप्रेस को पास कराने के लिए गेट बंद कर चुका था।
आनन-फानन में गेटमैन पटरी पर दौड़ते हुए सात सौ मीटर दूर पहुंचा। वहां पटाखा लगाकर दून एक्सप्रेस को रोका। साथ ही घटना की सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। करीब आधे घंटे बाद पहुंचे अधिकारियों ने ट्रैक मरम्मत का काम शुरू किया।