वाराणसी के जानकी घाट पर रखा कूड़े का ढेर।
- फोटो : अमर उजाला
सामनेघाट पर भी रहता है अंधेरा
नमो घाट के बाद आदिकेशव घाट पर स्थित आदिकेशव मंदिर के महंत ओमप्रकाश त्रिपाठी के अनुसार हमारे घाट के अलावा कई घाटों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रहीं हैं। घाट पर पूजा पाठ का काम करने वाली समितियों से जुड़े लोगों के अनुसार सामनेघाट, जानकीघाट, भदैनी घाट, आनंदमयी घाट, जैन घाट, प्रभु घाट, निषादराज घाट, पंचकोट घाट, चेतसिंह घाट, हनुमान घाट, पंचगंगा घाट, रामघाट, मेहता घाट, बालाजी घाट, भोंसले घाट, गंगा महल घाट, सिंधिया घाट, त्रिलोचन घाट, पंचगंगा, संकठा घाट पर लाइटें नहीं जल रहीं।
कुंड, तालाब और पोखरों की हालत भी ठीक नहीं
शहर के कुंड, तालाब और पोखरों की हालात छठ पूजा योग्य नहीं हैं। मूर्तियों के विसर्जन के बाद इनकी सफाई अब तक नहीं हुई है। काई, कूड़ा, गंदगी और बदबूदार पानी की सफाई का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है। कहीं सिल्ट जमा है तो कहीं गंदगी का अंबार लगा है।
लक्ष्मीकुंड, रामकुंड, सूरजकुंड, मंदाकिनी कुंड, शंकुलधारा कुंड, दुर्गाकुंड, कर्दमेश्वर कुंड, ईश्वरगंगी, बकरिया कुंड, पितरकुंडा, पिशाचमोचन कुंड का हाल बेहाल है। उधर राजातालाब के ग्रामीण इलाकों के सरोवरों, तालाब की साफ सफाई लोगों ने शुरू कर दी है। शिवपुर के रामभट्ट तालाब, आला काला तालाब और पोखरे की सफाई शुरू हो गई है। छठ पूजा के लिए घाट और कुंड किनारे वेदी बनने लगी है।
भदैनी घाट पर जमे सिल्ट की हो रही सफाई।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़ सकती हैं आपराधिक घटनाएं
गंगा घाटों, सड़कों-गलियों में अंधेरा होने की वजह से एक तरफ जहां लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं अपराधियों की भी पौ बारह होती है। बनारस की कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
बोले अधिकारी
पानी में करंट न उतरे इसलिए बाढ़ के समय गंगा घाटों की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काटा गया था। कुछ स्ट्रीट लाइटों के बाॅक्स में सिल्ट घुसा था। इसे हटाकर तारों को दुरुस्त कराया जा रहा है। छठ पूजा को ध्यान में रखकर युद्धस्तर पर तैयारी चल रही है। पूजा शुरू होने से पहले लाइट से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल हो जाएंगी। - एके सक्सेना, अधिशासी अभियंता, आलोक विभाग, नगर निगम