वाराणसी। रेलवे विजिलेंस टीम ने बुधवार की शाम कैंट स्टेशन पर छापा मारा। देर रात तक चली जांच की कार्रवाई के दौरान पार्सल एक्सप्रेस में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। टीम की संस्तुति के बाद मौके पर ही ठेकेदार के विरुद्ध 50 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दिल्ली से कैंट स्टेशन पहुंची विजिलेंस विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने गाड़ी संख्या - 0463/69 हावड़ा- वाराणसी पार्सल एक्सप्रेस को चेक किया। इसमें 600 पार्सल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। ट्रेन में होजरी के समान पश्चिम बंगाल से बुक कराए गए थे। शाम चार बजे से लेकर देर रात तक ट्रेन में लोड पैकेटों का तौल कराया गया। तौल में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। ट्रेन में निर्धारित क्षमता से अधिक सामान बुक किया गया था। तौल कराने की मैराथन कार्रवाई के बाद विजिलेंस ने रिपोर्ट बनाकर रेलवे को प्रेषित कर दिया। रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार के विरुद्ध 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, विजिलेंस टीम के आने की सुगबुगाहट मिलते ही दलाल पार्सल कार्यालय परिसर से भाग खड़े हुए।