भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया सपा को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों के सदस्य उनके संपर्क में हैं। 26 सदस्य भाजपा के साथ हैं। इस बार जिला पंचायत का चुनाव हम लोग जीतेंगे। प्रत्याशी की घोषणा प्रदेश संगठन जल्द करेगी। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के दो सदस्यों को थाने में बैठाया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव पुलिस लड़ रही है। 14 सदस्य लखनऊ में मेरे साथ हैं। यहां पार्टी की रणनीति तय होगी। दो सदस्य दर्शन यादव और ललित यादव लखनऊ आ रहे थे लेकिन उन्हें पुलिस ने रोक लिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए नामांकन फार्म की कीमत 1500 रुपये है। चूंकि बनारस में ओबीसी महिला सीट है। इस नाते आरक्षित वर्ग के लिए फार्म का मूल्य आधा होता है। इसकी कीमत 750 रुपये है। जमानत राशि भी आधी लगेगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सामान्य के लिए आयोग ने 10 हजार रुपये जमानत राशि का प्राविधान किया है। आरक्षित वर्ग के लिए 5000 रुपये जमानत राशि है।
पंचायत की रिक्त सीटों पर हुए चुनाव के बाद 334 प्रधानों को 19 जून को वर्चुअल शपथ दिलाई जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी शास्वत आनंद सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते 19 जून को सुबह 10 और 12 बजे वर्चुअल शपथ दिलाई जाएगी। पंचायत भवनों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इनके अलावा ग्राम पंचायत सदस्यों को भी शपथ दिलाई जाएगी।