शिवपुर में बेसिक शिक्षा की जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता व शैक्षिक समारोह का समापन गुरुवार को शिवपुर स्थित ओलंपियन विवेक सिंह स्टेडियम में हुआ। दो दिवसीय समारोह में सर्वाधिक खेल प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर हरहुआ ब्लॉक की टीम ने चैंपियन ट्राफी और शील्ड अपने नाम की। वहीं, दूसरे स्थान पर आराजी लाइन ब्लॉक के विद्यार्थी रहे। विशेष प्रदर्शन में विकासखंड चोलापुर की टीम ने प्रथम और हरहुआ की टीम दूसरे स्थान पर रही।
मुख्य अतिथि एडीएम सिटी जितेंद्र मोहन सिंह ने प्रतियोगिता में विजयी होने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बीएसए जयकरण यादव ने विजेताओं को बधाई देकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी डीपी सिंह, स्कंद गुप्ता, अशोक सिंह, बृजेश राय, बृजेश श्रीवास्तव, रवि शंकर यादव, जिला व्यायाम शिक्षक राजेश सिंह का योेगदान रहा।