कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों व ईदगाहों में अदा की गई ईद की नमाज
सड़कों पर नहीं हुई नमाज, दुकानों व कटरों में दिखा मेला जैसा माहौल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। मुकद्दस रमजान में इबादत के बाद अल्लाह ने मोमिनों को इनाम के रूप में ईद की सौगात दी तो उनके खुशी का ठिकाना नहीं था। मस्जिदों व ईदगाहों में अकीदत के साथ नमाज अदाकर मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
शुक्रवार शाम को चांद देखने के साथ ही मोमिन ईद की मुबारकबाद देने के साथ ही इसकी तैयारी में जुट गए। शनिवार को अल सुबह ही रोजमर्रा के काम से फरीक होकर नमाज के लिए मस्जिदों की ओर रुख किए। लकदक सफेद पोशाक और विभिन्न मसलक की टोपी लगाए थे। उनके चेहरे पर उत्साह और ईद की खुशी झलक रही थी। अलग-अलग मस्जिदों व ईदगाहों में तय वक्त पर नमाज हुई। शासन से निर्देश की वजह से किसी भी मस्जिद व ईदगाह के बाहर नमाज सड़क पर नहीं हुई। इसके चलते मस्जिद व ईदगाह में काफी भीड़ रही। लंगड़ा हाफिज मस्जिद नई सड़क के नीचे कपड़ा मंडी के दुकानों के सामने, कटरे में नमाज अदा की। यही स्थिति काशी विद्यापीठ ईदगाह के बाहर रही। सड़क पर नमाज न पढ़ने का एलान उलेमा भी कर रहे थे। उधर, लाट सरैया मस्जिद और पुरानापुल ईदगाह में नमाजियों की भीड़ थी।
बच्चे गुब्बारे लिये दिखे और अस्थायी पकौड़ी व मिठाई की दुकानों पर भीड़ दिखी। ईदगाह शक्करतालाब, लल्लापुरा, नदेसर जामा मस्जिद, जामिया सलफिया रेवड़ी तालाब, जामा मस्जिद मदनपुरा, शिया जामा मस्जिद दारानगर के अलावा दालमंडी, बड़ी बाजार, बजरडीहा, अर्दली बाजार, पुलिसलाइन, दोषीपुरा, लोहता आदि इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज अदा की गई।
अपनों को दी ईदी
ईद के साथ अपनों को ईदी भी दी गई। बहन, बेटियों को खास तौर पर सेवई आदि खाद्य सामग्री के अलावा कपड़े दिए। वहीं, कुछ खास तोहफा के तौर पर वाहन के साथ फ्रिज, एसी और मोबाइल भी दिए।
सोशल मीडिया पर भी छाई रही ईद
ईद की खुशियां सोशल मीडिया पर भी छाईं रहीं। सोशल साइट पर मुबारकबाद देने का सिलसिला रात तक चला। कोई वीडियो कॉलिंग तो कोई फोन, फेसबुक और व्हाट्सएप से अपनों को मुबारकबाद देने में मशगूल था।