संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल कोईराजपुर में दो दिवसीय युवा संसद के अंतिम दिन युवाओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के बारे में बहस की। इसमें शिक्षा नीति को भविष्य में शिक्षा के विकास के दृष्टिकोण से बेहतर पहल बताया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं से राष्ट्र के विकास के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
राष्ट्रनीति-2021 विषयक युवा संसद में संत अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय, कान्वेंट स्कूल, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, बीएचयू, यूपी कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। इसमें नए भारत पर आधारित बिंदुओं पर मंथन के साथ ही नयी योजनाओं के बारे में चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं, राजनीति में महिलाओं की भूमिका सहित अन्य विषयों पर भी अपनी बात रखी। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय, राजहंस सिंह, डॉ. एसके शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह, आयुष्मान सिंह, अंकुर सिंह, राहुल, रवि आदि मौजूद रहे।