काशी से काबा का दीदार करने 258 खुशकिस्मत ही इस बार मुकद्दस सफर पर जाएंगे। पिछली बार बनारस का कोटा 476 का था। ‘हजयात्रा 2016’ के लिए सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और आजम खां द्वारा निकाली गई लॉटरी में वाराणसी के 258 लोगों का चयन हुआ। सर्वाधिक हजयात्री इलाहाबाद के हैं। यहां से 375 लोगों का कोटा तय किया गया है। वहीं, पूर्वांचल में सर्वाधिक कोटा आजमगढ़ को मिला। यहां से 338 लोगों को हज पर जाने का मौका मिल रहा है। लखनऊ में निकाले गए कुर्रा में वाराणसी इंबार्केशन से जाने वाले 16 जिलों के 2843 हजयात्रियों की किस्मत खुली।
हजयात्रा पर जाने वालों का कुर्रा (लॉटरी) लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी संस्थान में सोमवार को निकाला गया। इस साल हज पर जाने की ख्वाहिश लिए पूरे उत्तर प्रदेश से 48,738 ने हज के लिए आवेदन था। इसमें बनारस से 1385 आवेदक शामिल थे। पूर्वांचल हज सेवा समिति के मास्टर ट्रेनर अदनान खां, पूर्वांचल हज सेवा समिति की ओर से डॉ. अकबर अली, मौलाना रियाज अहमद कादरी, जुनैद अली खां भी लखनऊ में लॉटरी के दौरान मौजूद रहे।