श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में होने वाली मंगला आरती के टिकटों की बिक्री शनिवार से शुरू हो गई। मंगला आरती के टिकट श्रद्धालुओं को हेल्प डेस्क से और ऑनलाइन भी मिलेंगे। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार मंगला आरती के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित रहेगी और उतने ही टिकट बुक होंगे। कोविड संक्रमण को देखते हुए पिछले कई दिनों से मंगला आरती के टिकट की बिक्री पर रोक लगी हुई थी।
शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से मंगला आरती के टिकट की बिक्री शुरू होने पर श्रद्धालुओं में प्रसन्नता है। मंगला आरती में शामिल होने के लिए तत्काल टिकट ज्ञानवापी स्थित विश्वनाथ मंदिर के हेल्प डेस्क से प्राप्त किए जा सकेंगे। सुगम दर्शन के लिए भी तत्काल टिकट हेल्प डेस्क से लिए जा सकेंगे। मंदिर में प्रवेश और मंगला आरती में शामिल होने के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क के मंदिर में प्रवेश ही नहीं दिया जाएगा। करीब 15 दिन पूर्व अत्यधिक भीड़ के कारण सुगम दर्शन के टिकट की बिक्री रोक दी गई थी। वहीं कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगला आरती के टिकट की बिक्री भी रोक दी गई थी।