देव दीपावली, हरित आतिशबाजी
- फोटो : अमर उजाला
600 फीट की ऊंचाई पर दिखे रंगीन गोले
देव दीपावली पर गंगा पार रेती से हुई हरित हवाई आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ललिता घाट के सामने गंगा की रेती से आसमान में रंगों की ऐसी छटा बिखरी कि घाटों पर मौजूद लोग नजारा देखते रह गए। करीब 10 मिनट तक चले इस आयोजन में भगवान शिव की स्तुति में गाए जाने वाले भजनों की धुन के साथ आतिशबाजी का तालमेल देखने को मिला।
शिव भजनों की धुन पर उभरीं रंगीन आकृतियां
शिव तांडव स्तोत्रम और मेरा भोला है भंडारी जैसे भजनों की धुन पर आसमान में रंगीन और ज्यामितीय आकृतियां उभरीं। आतिशबाजी की तकनीकी विशेषता भी खास रही। आयोजकों के अनुसार, पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल का इस्तेमाल किया गया। इनके जरिये रंग बदलने वाली आकृतियां और ज्यामितीय डिजाइन तैयार किए गए।
1600 से 1800 फीट तक रहा दृश्य क्षेत्र
आतिशबाजी के गोले करीब 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने के लिए तैयार किए गए थे। जमीन पर लगभग 1200 फीट के क्षेत्र में इसकी व्यवस्था की गई थी, जबकि आसमान में फैलने के बाद इसका दृश्य क्षेत्र करीब 1600 से 1800 फीट तक होने का अनुमान था।