मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि समूची काशी में प्रभाव दिखाई दे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध किए जाएं। 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी रखने के निर्देश दिए गए। नाविकों से संवाद कर सुरक्षा और सुव्यवस्था की दृष्टि से प्रशिक्षण कराने की जरूरत पर बल दिया।
ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस लगातार गश्त करेगी। इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और सामने रेतीले ओर से अस्सी घाट से नमो घाट की ओर लौटेंगी। अधिकारियों ने बताया कि शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं।