प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सीएए के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की भाषा बोलते हैं।
ऐसा लगता है कि इनकी इमरान खान से रिश्तेदारी है। कांग्रेस तो देश के लिए कैंसर की तरह है। देशहित के फैसलों से मोदी और योगी के विरोधियों में बौखलाहट है। रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनेगा और बाबा विश्वनाथ कारिडोर का काम आरंभ हो गया है।
शनिवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि क्या देश की जनता ने कश्मीर को पाक को सौंपने के लिए 56 इंच सीने वाले को पीएम बनाया था। हमें जो जनादेश मिला है वह गोली के बदले गोला दागने के लिए मिला है।
विपक्ष को यह बर्दाश्त नहीं है, इसलिए वह सीएए का विरोध कर रहा है। मुद्दाविहीन विपक्ष भ्रष्टाचार की जनक है। विपक्ष का एकसूत्रीय एजेंडा है कि वह भाजपा को कमजोर करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की भलाई के काम में कभी पीछे नहीं हटेंगे। देश में गरीबों के सम्मान की रक्षा हो रही है और भारत माता की घर-घर पूजा शुरू हो गई है। यह विपक्ष को पच नहीं रहा है।
पाकिस्तान जिंदाबाद कहने वालों की जगह पाकिस्तान में
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत में रहना है तो भारत माता की जय कहना होगा। किसी भी हिंदुस्तानी को पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा बर्दाश्त नहीं होगा। मेरठ में भी जब एक पुलिस अधिकारी के सामने पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगा था तो उसने कहा कि पाकिस्तान जिंदाबाद कहना है तो पाकिस्तान चले जाओ। इसमें कोई गलत नहीं है। विपक्ष ने इसको मुद्दा बना लिया और पुलिस अधिकारी पर हमलावर हो गए। कोई भी सच्चा भारतीय अपने देश की धरती पर पाकिस्तान जिंदाबाद नहीं बर्दाश्त नहीं कर सकता।