वाराणसी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को लखनऊ से ऑनलाइन सड़कों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सर्किट हाउस में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने 22.54 करोड़ की लागत के 149.56 किलोमीटर लंबी 4 सड़कों का लोकार्पण और 84 बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया। इनमें विधानसभा अजगरा की एक व पिंडरा की तीन सहित चार विशेष मरम्मत की सड़कों का लोकार्पण शामिल रहा।
उप मुख्यमंत्री ने अजगरा विधानसभा क्षेत्र के औसानपुर दलित बस्ती से आसाराम बापू आश्रम तक 12.41 लाख की लागत से निर्मित 1.50 किमी, पिंडरा विधानसभा के बड़ागांव से कुवार मार्ग पर 44.37 लाख की लागत से 06 किलोमीटर सड़क की विशेष मरम्मत, विकास खंड बड़ागांव में राजस्व ग्राम भगवानपुर उर्फ रामपुर (खुटहना) में भगवानपुर संपर्क मार्ग पर 3.31 लाख की लागत से विशेष मरम्मत कार्य, कनकपुर शिव मंदिर से औरांव मार्ग पर 5.49 लाख रुपये की लागत से विशेष मरम्मत कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में 12.04 करोड़ की लागत से 63.19 किलोमीटर लंबी बनने वाली 29 सड़कों, अजगरा विधानसभा क्षेत्र में 2.30 करोड़ की लागत से 10.80 किलोमीटर लंबी बनने वाली 06 सड़कों, पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में 7.55 करोड़ की लागत से 66.94 किलोमीटर की बनने वाली 49 सड़कों का शिलान्यास किया।