वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय का स्वतंत्रता भवन शुक्रवार की शाम गुलजार रहा। मौका था युवा महोत्सव के तहत दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम विजडम-2015 का। इसमें खूब मौज मस्ती की। समारोह में गायन-वादन, फैशन शो, रंगोली सजाने का जादू विद्यार्थियों के सिर चढ़कर बोला।
संकाय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली सजाई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का सिलसिला शुरू हुआ तो देर रात गीत संगीत की स्वरलहरियों पर विद्यार्थी झूमते रहे। सोलो गायन में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वही फैशन शो को चार भागों में बांटा गया था। इसके जरिए भारतीय
पहनावे को दिखाया गया। इसमें कैजुअल राउंड, थीम राउंड, एथेनिक राउंड और कल्चरल राउंड को रैंप पर कैटवाक के जरिए प्रदर्शित किया। वही कवि सम्मेलन में रंजना राय, बद्री विशाल, नागेश शांडिल्य, रिंकी खान के काव्य पाठ पर शिक्षकों और छात्रों ने खूब ठहाका लगाया। इसके अलाव क्विज
प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इससे पहले चिकित्सा विज्ञान संकाय के निदेशक प्रोफेसर राणा गोपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय के डीन प्रो नरेश शर्मा, आर्गानाइजिंग चेयरमैन प्रो टीपी चतुर्वेदी, प्रो नीलम मित्तल, डा एचसी बरनवाल उपस्थित थे।