पोलियो उन्मूलन के उद्देश्य से रविवार से विशेष अभियान की शुरुआत हुई। छह दिवसीय अभियान में 568511 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन रविवार को 1808 बूथों पर 2,43,711 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. निकुंज कुमार वर्मा ने स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में विशेष अभियान का शुभारंभ किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने कहा कि हर अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाए। बताया कि 19 से 23 सितंबर तक घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम पोलियो की दवा पिलाएंगी। सीएमओ डॉ. संदीप कुमार चौधरी ने बताया कि पल्स पोलियो का ड्रॉप जन्म के समय ही दिया जाता है।
इसके अलावा छह, दस और चौदह सप्ताह पर भी यह ड्रॉप पिलाया जाता है । इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. क्षितिज तिवारी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ एके पांडे, डिप्टी डीआईओ डॉ. यतीश भुवन पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।