बनारस के दानगंज क्षेत्र के तीन ग्राम पंचायतों में डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से हड़कंप मचा हुआ है। बेला में बुधवार एक मासूम की मौत डेंगू से हो गई जबकि दो लोगों की पहले मौत हो चुकी है। बावजूद स्वास्थ्य महकमा सुस्त पड़ा है।
चोलापुर ब्लाक के बेला गांव में बुधवार को कमलाकर राजभर की पुत्री पुष्पा (2) की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। कमलाकर ने बताया कि पुत्री को डेंगू के लक्षण मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वहीं इसके पूर्व बेला के सुशीला और नवनीत की मौत डेंगू से हो गई थी। बेला से सटा ग्राम पंचायत अजगरा में भी डेंगू के दर्जनभर से अधिक मरीजों का इलाज सरकारी प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है परिजनों ने बताया की बीमारी का लक्षण डेंगू बताया गया है।
- डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं, इसलिए घर में और घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
- मरीज को ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ दें।
- नारियल पानी और मौसमी फलों के जूस दें।
- मच्छरों से बच कर रहें। फुल बाजू के कपड़े पहनें।
- मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- कूलर में मिट्टी के तेल का छिड़काव करें।
- अगर बुखार दवा लेने पर भी ठीक न हो रहा हो तो डेंगू की जांच कराएं।