डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए रैपिड रिस्पांस टीम को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित इलाकों में कैंप लगवाकर लोगों की जांच कराने के साथ ही अस्पतालों में भर्ती लोगों के इलाज की मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों से हर दिन रिपोर्ट भी तलब की गई है।-डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ
महमूरगंज के कृष्णानगर कालोनी में विनय कुमार पांडेय (64) को तीन दिन से बुखार था। जांच कराने पर पता चला कि प्लेटलेटस तेजी से कम हो रहा है। रिपोर्ट में डेंगू पॉजीटिव आया। अभी इनका इलाज चल ही रहा था कि इनकी पत्नी सुशीला पांडेय (60) भी डेंगू की चपेट में आ गई। उधर घर में काम करने वाली एक अन्य महिला को भी डेंगू को हो गया है।
मीरापुर बसही के श्यामपुरी कालोनी निवासी हृदयनारायन सिंह के बेटे प्रियांशु सिंह को 25 सितंबर से ही बुखार था। जब बुखार नहीं ठीक हुआ तो पांच अक्तूबर को दीनदयाल अस्पताल लाए। जांच के लिए सैंपल भेजा। इनमें डेंगू की पुष्टि हुई। बताया कि कालोनी में सीवेज सिस्टम सही न होने और फागिंग न होने से लोगों की तबीयत खराब हो रही है।
डेंगू मरीजों में प्लेटलेटस बढ़ाने में सहायक फलों की मांग भी बढ़ी है। न्यूजीलैंड से आने वाला कीवी फल पहले जहां 300 रुपये किलोग्राम मिलता था वहीं अब 400 रुपये किले बिक रहा है। ईरान से आने वाला कीवी 200 से 250 रुपये किलो की जगह 300 रुपये में बिक रहा है। लोग मुहल्लों में पपीते की पत्तियां ढूंढते रहते हैं। 30 रुपये किलो में बिकने वाला पपीता अब 50 रुपये प्रतिकिलो मिल रहा है। सिगरा के फल विक्रेता कुलदीप ने बताया कि पिछले साल एक दिन में पांच किलो कीवी बेच देता था इस साल प्रतिदिन 20 किलो तक बिक रहा है।
जिले में मच्छरों एवं कीट पतंगों को मारने के लिए प्रतिवर्ष ग्राम पंचायतों दवा के छिड़काव के लिए दस हजार रुपये दिए जाते हैं। लेकिन मच्छरों को मारने वाली दवा का छिड़काव कागजों पर करके करोड़ों रुपये का गोलमाल किया गया। इस मामले में एक दशक में मिलने वाले धन की उच्च स्तरीय जांच करा दी जाए तो बड़ा घोटाला सामने आ जाएगा। सीएमओ भी मानते हैं कि गांवों में कम मात्रा में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाता है।
सेवापुरी के बीडीओ सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में दवाओं का छिड़काव नहीं किया जाता है तो यह गंभीर मामला है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जिला विकास अधिकारी रमाकांत तिवारी ने कहा कि यदि शिकायत मिलती है कि जांच बाद कार्रवाई की जाएगी।