निष्पक्ष मतगणना के लिए पूरे पोस्टल बैलेट गिनवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। ईवीएम और वीवीपैट को लेकर विवादों के बाद गाजीपुर में सपा प्रत्याशियों ने पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एम पी सिंह से मुलाकात की। इस दौरान निष्पक्ष मतगणना के लिए पूरे पोस्टल बैलेट गिनवाने की मांग की।
वहीं, बृहस्पतिवार को मतगणना के लिए सपा ने पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा को प्रभारी बनाया है और उनके नेतृत्व में टीमों की कवायद शुरू कर दी है। सपा पदाधिकारियों की ओर से मतगणना पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
पूर्व मंत्री ने भाजपा पर हेराफेरी का आरोप लगाते हुए हर हाल में इसे रोकने की बात कही गई। वहीं, पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने कहा कि ईवीएम मशीन के मतों की मतगणना से पूर्व पोस्टल बैलेट पेपर के संपूर्ण मतों की मतगणना होनी चाहिए। हर चुनाव की भांति सेंटर टेबल पर पार्टी के मतगणना एजेंट की तैनाती करने, सभी राउंड की गिनती के बाद तुरंत हर राउंड का प्रमाण पत्र जारी करने और हर विधानसभावार महिला एवं पुरुषों एवं बूथवार पड़े मतों का आंकड़ा मतगणना के पूर्व हर प्रत्याशी को उपलब्ध कराने की मांग की।