दिल्ली निवासी एक युवक किसी काम से शनिवार सुबह वाराणसी पहुंचा। दोपहर में वह तुलसी घाट पहुंचा। यहां स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
वाराणसी के तुलसी घाट के सामने शनिवार दोपहर गंगा में डूबने से दिल्ली निवासी एक युवक की मौत हो गई। घाट किनारे मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को आधे घंटे बाद बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की शिनाख्त दिल्ली के संगम विहार निवासी जगदीश प्रसाद गोला (35) के तौर पर हुई। वह अकेले ही गंगा स्नान के लिए आया था।
विज्ञापन
पुलिस ने मृतक के मोबाइल नंबर से परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मृतक के बड़े भाई चंद्रपाल और अन्य परिजन शव लेने के लिए रवाना हो गए। दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार निवासी जगदीश प्रसाद पांच भाई में सबसे छोटा है। मृतक के दो बेटे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जगदीश पिछले कुछ महीने से गुरुग्राम में अपना मिंत्रा डॉट कॉम का एजेंसी लेकर काम शुरू किया था। शनिवार की सुबह वह ट्रेन से वाराणसी पहुंचा। मंडुवाडीह स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से बीएचयू परिसर गया। वहां किसी परिचित से मुलाकात की और उसे सामान दिया। इसके बाद वहां से निकलकर गंगा स्नान करने के लिए तुलसी घाट पहुंचा।
अपना कपड़ा और सामान को घाट की सीढ़ी पर रखने के बाद स्नान के लिए गंगा में उतर गया। गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया। मृतक ने दोपहर में 12,30 बजे अपने बड़े भाई चंद्रपाल से फोन पर बात की थी। शनिवार शाम में वापस ट्रेन से लौटने के लिए बोला था।