पिता के अनुसार पड़ोस की ही एक युवती से कमल का प्रेम प्रसंग चल रहा था, इसे लेकर कई बार विवाद हुआ। लगभग छह माह पूर्व युवती की शादी हो गई। आरोप रहा कि तीन माह पूर्व कमल उसकी ससुराल गया तो वहां मारपीट हुई लेकिन मामला सुलह समझौते पर खत्म हो गया था। पिता मदनलाल के अनुसार दस दिन पूर्व कमल अपनी बहन वैशाली से कहकर निकला कि शाम तक लौट आएंगे।
इसके बाद से उसका पता नहीं चला और मोबाइल भी बंद रहा। पिता मदनलाल और माता रन्नो देवी के अनुसार पड़ोसियों ने ही बेटे की हत्या की साजिश रची है। रोहनिया इंस्पेक्टर विमल प्रकाश मिश्रा के अनुसार हत्या सहित अन्य बिंदुओं पर पुलिस तफ्तीश कर रही है। मंडुवाडीह थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी को दबिश दी जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस ने युवक का रिकार्ड खंगाला तो मालूम चला कि दो बार आपराधिक घटनाओं में जेल भी जा चुका है। इसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी होता रहता था। लिहाजा, पुलिस से बचने के लिए यह घर से कई-कई दिनों तक गायब भी रहता था। इसलिए परिजनों ने गुमशुदगी तक थाने पर नहीं दर्ज कराई। बहरहाल, प्रकरण की तफ्तीश की जा रही है। कमल के परिजनों को आशंका है कि पड़ोसियों या युवती के ससुराल वालों ने घटना को अंजाम दिया है।
घर के इकलौते पुत्र की हत्या से पिता और मां बेसुध रही। वहीं बहनें भी गमगीन रहीं। परिजनों के अनुसार पड़ोस की रहने वाली युवती से बढ़ती उसकी नजदीकियों ने आज यह दिन दिखाया। थाने पर पहुंची उसकी मां रन्नो देवी के अनुसार बेटा कमल घर का सहारा था, पिता के साथ मजदूरी सहित अन्य कार्य करके परिवार की गाड़ी खींचता था। मगर, युवती के चक्कर में उसने अपनी जिंदगी बर्बाद कर ली।