वाराणसी के अहरक गांव के ग्रामीण टहलने के लिए मंगारी की तरफ निकले थे। रेलवे क्रॉसिंग से करीब 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक किनारे शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।
वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक गांव के पास शनिवार सुबह रेलवे लाइन के निकट एक अज्ञात शव दिखा। मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। लोगों ने ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
शनिवार सुबह अहरक गांव के ग्रामीण टहलने के लिए मंगारी की तरफ निकले थे। रेलवे क्रासिंग से करीब 200 मीटर दूर रेलवे ट्रैक किनारे शव देखा। आननफानन बड़ागांव पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने मृतक के जेब की तलाशी ली, लेकिन ऐसी सामग्री नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सके।
वहीं घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक बैग मिला। जिसमें गांजा, चीलम, गुटखा और सुर्ती आदि रखा था। आशंका है कि उक्त व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हुई है। बड़ागांव पुलिस ने बताया कि अहरक में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।