Varanasi News: वाराणसी में 27 अप्रैल से लापता युवक का शव गंगा में मिला। वह 'सॉरी मां थक गया हूं डॉक्टर और दवाई से' लिखकर स्टेटस लगाया था और उसके बाद से ही गायब हो गया था।
चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित करौंदी के महामनपुरी कॉलोनी निवासी निखिल राय उर्फ निशु (27) का शव बुधवार को रविदास घाट पर गंगा नदी में उतराता मिला। निखिल 27 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े दस बजे से लापता था। इसके पहले उसने सोशल मीडिया पर स्टेटस पोस्ट किया था जिसमें बीमारी से तंग होने का जिक्र था। इसके बाद परिजनों और दोस्तों ने उसकी तलाश में जुटे थे। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
विज्ञापन
लापता होने से पहले निखिल ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस डाला था, जिसमें उसने मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए खुदकुशी जैसा संकेत दिया था। स्टेटस में था कि थक गया हूं डॉक्टर से और दवाई से, सॉरी मां, गंगा मां बुला ली मुझे। इसके बाद से ही परिजन चिंतित थे और लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। बुधवार सुबह गंगा में एक युवक का शव उतराया शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त निखिल राय के रूप में की।
पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार उसके पिता निधन कुछ साल पहले हो चुका है। पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, इलाज भी चल रहा था। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।