जलालपुर गांव स्थित खेत में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दो दिन से गायब युवक का रक्तरंजित शव बुधवार सुबह सरसों के खेत से बरामद हुआ। मौके पर पहुंची जंसा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून लगा ब्लेड, शराब, बियर की खाली बोतलें, गुटखा और टार्च और एक जोड़ी जूता बरामद किया। आशंका जताई गई कि ब्लेड से ही गला रेता गया।
डाग स्क्वाएड ने भी छानबीन की। हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने वाराणसी-भदोही मार्ग को कुछ देर के लिए जाम किया। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए जंसा, लोहता और राजातालाब थाने की फोर्स बुलानी पड़ी। पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जंसा थाना अंतर्गत दीनदासपुर निवासी विनोद कुमार रावत (35 वर्ष) दाना भुजा का ठेला लगाता था। 13 दिसंबर की सुबह घर से ठेला लेकर निकला लेकिन घर नहीं लौटा। पत्नी आशा देवी ने पति की गुमशुदगी के बारे में जंसा थाने पर तहरीर दी थी। वीवीआईपी, वीआईपी ड्यूटी में जुटे उच्चाधिकारियों व जंसा पुलिस ने पत्नी की फरियाद को हल्के में लिया। सुबह में जलालपुर गांव की महिलाएं खेत की तरफ गई तो सरसों खेत में रक्तरंजित शव देख चीखने चिल्लाने लगी।
गला पर खून जम चुका था। इस बीच घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लिया। तब तक परिजन भी पहुुंचे और विनोद कुमार रावत के रूप में शिनाख्त की। बरामद सामानों को लेकर आशंका जताई गई कि शराब व बियर पिलाने के बाद जब विनोद नशे में धुत हुआ तो ब्लेड से गला रेत कर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया। डाग स्क्वाएड घटनास्थल से 400 मीटर दूर एक ईंट भट्ठे तक गई। वहीं परिजनों सहित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीण वाराणसी-भदोही मार्ग को जाम कर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। सीओ सदर ने घटना की तफ्तीश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की। आश्वस्त किया कि कातिल पकड़े जाएंगे।
उधर, विनोद की पत्नी आशा देवी ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से सौ मीटर की दूरी पर ही साथ में ठेला लगाने वाले महमदपुर निवासी एक युवक ने चार दिन पूर्व विनोद को धमकी दी थी। जंसा पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। पत्नी आशा देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बेटे की हत्या पर मां जीरा देवी और पत्नी आशा देवी सहित दो बच्चे बेसुध रहे।