दानापुर से सिंकदराबाद जा रही अप दानापुर-सिंकदराबाद एक्सप्रेस गुरुवार को मुगलसराय रेलवे स्टेशन से बिना गार्ड के ही रवाना हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन को पांच किमी दूर व्यास नगर में रोककर गार्ड को चढ़ाया गया। गार्ड कैसे छूट गया इस प्रकरण के संज्ञान में आने के बाद सीनियर डीओएम रूपेश कुमार ने जांच बैठा दी है।
दानापुर से सिंकदराबाद जा रही 12792 अप दानापुर सिंकदराबाद एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार की शाम लगभग चार बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या आठ पर पहुंची। गार्ड व लोको पायलट की ड्यूटी चेंज होने के बाद पोर्टर ने गार्ड उपेन्द्र प्रसाद का बक्सा चढ़ा दिया।
सिग्नल मिलते ही गाड़ी चल दी । आगे सिग्नल न मिलने के कारण सिकटियां के पास आउटर पर गाड़ी रुक गई। वहां ड्यूटी कर रहे आरपीएफ कर्मी बी राम की नजर गार्ड की खाली बोगी पर पड़ी जिसमें गार्ड नहीं थे। इसके बाद उसने इसकी सूचना सिक्यूरिटी कंट्रोल को दी।
बिना गार्ड के ट्रेन रवाना होने की बात सामने आते ही रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। संबंधित विभाग ने गार्ड से किसी प्रकार संपर्क कर उसे पांच किमी दूर व्यास नगर पहुंचाया गया।
गार्ड के पहुंचने के बाद ट्रेन को आगे के लिए चलाया गया। सीनियर डीओएम रूपेश कुमार ने बताया कि ड्यूटी चेंज होने के दौरान वाकीटाकी से वार्ता नहीं हो पाने पर ऐसा हुआ होगा। फिर भी पूरे मामले जांच बैठा दी गई है।