फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी सिलिंडर ब्लास्ट: बारिश ने बचाई कई लोगों की जान, पढ़ें दर्दनाक हादसे की इनसाइड स्टोरी

Mon, 23 Aug 2021 10:42 AM IST
उत्पल कांत ललित शंकर पांडेय , अमर उजाला, वाराणसी

सार

जहां गैस से गुब्बारा भरा जा रहा था, वहीं पर 20 से 25 लोगों की जुटान थी और आसपास इलाके के लोगों की बैठकी भी उसी स्थल के पास हो रही थी। हालांकि बूंदाबांदी शुरू होने पर मजार के पास से लोग हट गए।
विज्ञापन
धमाके में बाइक के उड़े चिथड़े - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रक्षाबंधन के दिन रविवार की शाम वाराणसी के सूजाबाद में पोलाव शहीद बाबा मजार के पास दर्दनाक हादसा हो गया। गुब्बारों में गैस भरने वाला सिलेंडर फट गया। हादसे में गुब्बारे बेचने वाले और एक महिला की मौत हो गई। चार घायलों का इलाज बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में जारी है। 

विज्ञापन


विस्फोट स्थल पर जुटे लोगों के बीच इस बात की चर्चाएं जोरों पर रहीं कि बारिश ने कई लोगों की जान बचा ली। घटना से चंद मिनट पहले मजार के पास लोगों की भीड़ थी। जहां गैस से गुब्बारा भरा जा रहा था, वहीं पर 20 से 25 लोगों की जुटान थी और आसपास इलाके के लोगों की बैठकी भी उसी स्थल के पास हो रही थी। हालांकि बूंदाबांदी शुरू होने पर मजार के पास से लोग हट गए।

पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव के अनुसार, कई लोग तो सिर्फ बारिश से बचने के लिए मौके से हट गए। कुछ ही मिनट बाद धमाका हुआ। यदि बारिश नहीं होती और लोग नहीं हटते तो फिर मंजर और भी भयावह हो सकता था।  बर्तन पर पॉलिश करने वाले आसिफ अपनी पांच साल की बेटी को लेकर सब्जी लेने निकला था और चपेट में आ गया।
विज्ञापन


पिता-पुत्री के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। गुब्बारे में गैस भरकर परिवार का पेट पालने वाला आदमपुर कोनिया निवासी सुरेंद्र उर्फ लल्ला सेठ को क्या पता था कि रविवार उसका आखिरी दिन है। बिलखते हुए एक साल की बच्ची को गोद में लेकर ट्रामा सेंटर पहुंची पत्नी पूजा देवी पति का शव देखते ही बेसुध हो गई।

हादसे में दाहिना पैर गंवाने वाले बबलू की तड़प देख मानो लोगों का कलेजा पसीज गया। भाई की कलाई पर राखी बांधकर लंबी उम्र की कामना कर घर लौटने वाली गीता देवी नहीं जानती थी कि आखिरी बार मायके में मिली है। मां गीता देवी को आंखों के सामने दम तोड़ता देख बेटा नवीन भी हादसे में जख्मी होकर कराह रहा था।

ट्रॉली के उड़ गए थे परखच्चे, 100 मीटर तक फैले थे टुकड़े

ब्लास्ट के बाद बाइक, घायल बच्ची। - फोटो : अमर उजाला
सूजाबाद में गुब्बारे भरने वाले सिलिंडर का विस्फोट इतना तगड़ा था कि सिलिंडर वाली ट्राली के परखच्चे उड़ गए। यहां मौजूद बबलू का दाहिना पैर अलग हो गया। इस घटना के चश्मदीद मंजर याद कर सिहर जा रहे हैं। लोहे की चादर वाली ट्राली कई भाग में होकर बिखरी थी। लगभग 100 मीटर तक टुकड़े फैले हुए थे।

आसपास तीन-चार साइकिल व बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची तो गैस सिलिंडर की टंकी के फैले टुकड़े को कब्जे में ले लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टंकी काफी पुरानी और पतली होने के कारण यह दबाव सह नहीं सकी और विस्फोट हो गया। 

पड़ोस में बहादुरपुर गांव के बीडीसी रितेश दुबे, प्रधान मेराज और रामबाबू पटेल ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि बहादुरपुर गांव तक सुनाई दिया। मौके पर भाग कर गए तो हर तरफ खून और मांस के लोथड़े फैले हुए थे। आसपास के ठेले व साइकिल क्षतिग्रस्त पडे़ थे। हर तरफ चीख पुकार और भागमभाग मची थी। एंबुलेंस का इंतजार किए बगैर घायलों को आटो और अन्य वाहनों के जरिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद घंटे भर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

2018 में हुए हादसे की याद हुई ताजा

मौके पर मौजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला
पहले भी कई बार गुब्बारा में हवा भरने वाली सिलिंडर की टंकी फट चुकी है। 24 दिसंबर 2018 को जैतपुरा थाना अंतर्गत नक्खीघाट पुल के पास सिराजुद्दीन के मकान में गुब्बारे में गैस भरते समय सिलिंडर ब्लास्ट होने से आठ लोग जख्मी हुए थे। इसमें अमरजीत के दोनों पैर व बायां हाथ उड़ गया था। सिलिंडर टंकी फटने से घायल आठ सदस्यों को ठीक होने में साल भर लग गए थे। सूजाबाद की घटना ने नक्खीघाट हादसे की याद ताजा कर दी। 

 यही नहीं, अक्तूबर 2018 में रामनगर के रामलीला के दौरान गुब्बारा में गैस भरने के दौरान हुए विस्फोट में बजरडीहा निवासी बाबू घायल हो गया था। इस तरह के हादसे कई बार हो चुके है, लेकिन जिम्मेदार अब तक बेखर ही रहे हैं। पुलिस व प्रशासिनक महकमे की अनदेखी की वजह से खतरों का खेल धड़ल्ले से जारी है।
विज्ञापन

क्यों फटता है गुब्बारा भरने वाला सिलिंडर

बीएचयू में रसायन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ राजेश कुमार ने कहा  गुब्बारा भरने वाले सिलिंडर में हाइड्रोजन गैस का इस्तेमाल होता है। यह डीजल, पेट्रोल से भी ज्यादा ज्वलनशील होता है। इससे होने वाली घटना में ज्यादा नुकसान होने की संभावना रहती है। हाइड्रोजन जो है वह नाइट्रोजन और ऑक्सीजन से हल्की होती है, इसलिए गुब्बारा भी उड़ने लगता है। कभी कभी गर्म हवा भी गुब्बारा में भरते हैं, जिसकी गर्मी से वहां की हवा हल्की हो जाती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें