मुंबई में आए चक्रवाती तूफान ताउते का असर सोमवार से ही दिखने लगा है। जहां दोपहर तक तेज धूप रही, वहीं शाम को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया।आसमान में बादल छाए रहने के बाद रात आठ बजे तेज हवा संग बूंदाबांदी ने लोगों को उमस से थोड़ी राहत दिलाई।
चक्रवाती तूफान की वजह से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में अगले दो-तीन दिनों के भीतर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं। इसमें कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि मौसम में बदलाव सोमवार से ही दिखने लगा।
दिन में हवा न चलने के साथ ही धूप तेज रही। उमस से लोग बेहाल रहे, लेकिन शाम होते ही मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक मुंबई के आसपास आए तूफान की वजह से ही हवा में नमी अधिक है। अगले दो-तीन दिनों में बारिश होने की संभावना है। रविवार को जहां तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार को बढ़कर 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान भी 26.0 डिग्री से बढ़कर 28.0डिग्री पहुंच गया।