महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए काउंसिलिंग जल्द शुरू होगी। प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन कट ऑफ लिस्ट भी दो से तीन दिन के अंदर जारी करेगा। वहीं, ऑनलाइन काउंसिलिंग में एक सीट पर चार गुना अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र अपलोड करने का मौका दिया जाएगा।
विद्यापीठ में प्रवेश परिणाम जारी होने के बाद प्रवेश सेल दाखिले के लिए कट ऑफ तैयार कर रहा है। प्रवेश प्रक्रिया में छात्रों की काउंसिलिंग ऑनलाइन कराई जाएगी। प्रवेश सेल अपलोड प्रमाणपत्रों का सत्यापन ऑनलाइन करेगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्रों की हार्डकापी संबंधित विभाग से सत्यापित करानी होगी और शुल्क जमा करने के बाद दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह का कहना है कि दो से तीन दिनों में कटऑफ लिस्ट जारी होने की संभावना है।
30 पाठ्यक्रमों में मेरिट से होगा दाखिला
काशी विद्यापीठ के 59 पाठ्यक्रमों में से 29 पाठ्यक्त्रस्मों में प्रवेश परीक्षाएं कराई गई थीं। वहीं 30 पाठ्यक्रमों में महज 1766 आवेदन आए थे। निर्धारित सीट के सापेक्ष दोगुने से कम आवेदन आने के कारण 30 पाठ्यक्रमों में दाखिला मेरिट से लेने का निर्णय लिया गया है। मेरिट से होने वाले पाठ्यक्रमों में दाखिले की काउंसिलिंग विभाग स्तर पर होगी। प्रायोगिक परीक्षा के कारण बीम्यूज, एमम्यूज, बीपीएड व एमपीएड पाठ्यक्रम का परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है।
जारी हुए परिणाम
बीए, बीकाम, बीएससी (बायो, गणित, बॉटनी), बीए-ऑनर्स (मास कम्युनिकेशन), बीएससी (ऑनर्स)-कृषि, बीएफए, बीए-एलएलबी, एमए (इतिहास, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता और जन संचार), एमए/एम (गृह विज्ञान, गणित, भूगोल), एमकाम, एमएसडब्ल्यू, एमएफए (पेंटिंग), एलएलएम, एलएलबी, एमएड, पीजीडीसीए, डिप्लोमा इन वोकल म्यूजिक।