मशीन के बनने में खर्च होंगे 50 लाख, सीएमएस बोले, कब बनेगी कोई जानकारी नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन के खराब होने से बीते 10 दिनों से यहां मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। मरीजों को दूसरे सरकारी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। मशीन कब तक बनेगी और जांच की सुविधा कब बहाल होगी, इस बारे में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई है।
जिला अस्पताल में शहरी और ग्रामीण इलाके से हर दिन करीब 1000 मरीज ओपीडी में आते हैं। यहां मरीजों के लिए पीपीपी मॉडल पर सीटी स्कैन की निशुल्क सुविधा मिलती है। मशीन खराब होने से मरीजों को मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा जाकर जांच करानी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को भी 50 से ज्यादा मरीजों को बिना जांच के घर लौटना पड़ा। जांच न होने से सबसे ज्यादा परेशानी इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को हो रही है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि अस्पताल में सीटी स्कैन सेवा पीपीपी माॅडल पर चलती है। मशीन खराब होने की जनकारी संबंधित सेवा प्रदाता कंपनी को दी गई है। उनका कहना है कि मरम्मत में करीब 50 लाख रुपये खर्च की लागत आएगी। सीएमएस ने बताया कि कंपनी की ओर से यह नहीं बताया गया मशीन कब तक बनेगी। फिलहाल मरीजों को मंडलीय अस्पताल भेजा जा रहा है।