नेहिया गांव में डॉ. अंबेडकर के पोस्टर व झंडे के लिए प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
चोलापुर। क्षेत्र के गोसाईपुर चौकी क्षेत्र में नेहिया गांव में डॉ. अंबेडकर के पोस्टर और झंडे को लेकर दो संगठन आमने-सामने हो गए। झंडा जलाने से खफा भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने किसी तरह समझा कर मामले को शांत कराया। अज्ञात के खिलाफ संबंधित आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नेहिया गांव में 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर बटुक भैरव धाम जाने वाले गेट के ऊपर कुछ लोगों ने अंबेडकर का झंडा लगाया था। अराजकतत्वों ने झंडे को फाड़कर जला दिया। जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्ष को नियंत्रित किया। लोगों ने पुलिस को बताया कि धार्मिक स्थल के गेट पर किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं लगाया जाना चाहिए, जबकि भीम आर्मी कार्यकर्ता झंडा हटाने को तैयार नहीं थे। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना, थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम समेत आसपास थानों की फोर्स और क्यूआरटी पहुंची। एडीसीपी वरुणा लिपि नागायच ने दोनों पक्षों को समझाकर गेट से झंडा हटवाया और स्थिति को शांत कराया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। माहौल खराब करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।