क्रिसमस को लेकर गिरजाघरों में अलग-अलग कार्यक्रम हो रहे हैं। मंगलवार को शहर के विभिन्न चर्चों में कैंडल लाइट सर्विस, कैरोल सिंगिंग और नाट्य प्रस्तुति हुई। यीशु आया जमी पे नाचे सारा आसमान... अमन के राजकुमार तेरा हो अभिषेक... इन्हीं गीतों के साथ बेटलफल गास्पल चर्च में कैंडल लाइट सर्विस के तहत गीत गाते हुए सभी मसीही हाथों में कैंडल लेकर चर्च के बाहर जब पहुंचे तो ऐसा लगा तारे जमी पे आए गए हों।
कैरोल गीत ने फिजा में अपनी रूहानियत घोल दी। चर्च के पास्टर एंड्रू थामस की अगुवाई मेें क्रिसमस ट्री के गीत गाए गए। ऐसे ही क्रिसमस सेलिब्रेशन के पूर्व कई आयोजन पादरी सैम जोशुआ सिंह की अगुवाई में सिगरा स्थित सेंट पॉल चर्च में किया गया। जिसमें सिगरा क्रिश्चियन बॉयज की टोली ने कैरोल सिंगिंग की। चर्च ऑफ बनारस की ओर पादरी बेन जॉन की अगुवाई में शहर में कई जगहों पर डोर-टू-डोर कैरोल सिंगिंग का दौर चला। रामकटोरा चर्च में पादरी आदित्य कुमार की अगुवाई में डोर-टू-डोर कैरोल सिंगिंग का आयोजन किया गया। वहीं सुंदरपुर स्थित ईसीआई चर्च की ओर से पास्टर नवीन ज्वॉय व पास्टर दशरथ पवार के संयोजन में क्रिसमस के गीत धूमधाम से गाया गया।
शहर के चर्चों में क्रिसमस कि धूम है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ चर्चों में क्रिसमस ट्री, कैंडल लाइट सर्विस व क्रिसमस ड्रामा आदि के आयोजन जोर शोर से किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में रहने वाले मसीही परिवारों में भी तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाहर रहने वाले परिवार के लोग घरों पर आने शुरू हो गए हैं। मसीही कॉलोनियों में प्रभु यीशु के जन्म के गीत गाए जा रहे हैं। सिगरा स्थित क्रिश्चियन कंपाउंड में रहने वाले मसीही परिवार टोली बनाकर घर-घर जाकर कैरोल सिंगिंग कर रहे हैं। उनमें यीशु आगमन को लेकर खासा उत्साह है। 24 दिसंबर की रात यह टोली कैरोल सिंगिंग कंसर्ट का आयोजन करने वाली है।