उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं वह पुलिस-प्रशासन किसी से भी नहीं डरते हैं। इसका ताजा उदाहरण है गाजीपुर में जखनिया के विधायक त्रिवेणी राम से आजमगढ़ जेल में निरुद्ध अपराधी संजय यादव ने फोन पर गाली-गलौज कर रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
यह मामला मंगलवार की देर शाम सामने आया है। विधायक ने एसपी सोमेन वर्मा से मुलाकात कर अपराधी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
प्रदेश सरकार में शामिल सुहलदेव भारती समाज पार्टी से जखनिया विधानसभा के विधायक त्रिवेणी राम को मोबाइल पर मिली धमकी की जानकारी होते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
एक वर्ष पूर्व एमएलसी विशाल सिंह चंचल से अपराधी संजय यादव ने जेल से रंगदारी मांगते हुए धमकी दी थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि विधायक की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।