यूपी के जौनपुर जिले में हर्ष फायरिंग से एक महिला के घायल होने का मामला सामने आया है। आनन-फानन में युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया।
चंदवक थाना क्षेत्र के बजरंगनगर निवासी रामवचन शर्मा के यहां हनुआडीह शाहगंज से बरात आई थी। द्वारपूजा के दौरान जलपान चल ही रहा था कि युवकों ने बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग के दौरान बगल में खड़ी महिला राखी (26) पुत्री सुरेश को एक गोली पैर में घुटने के नीचे लग गई। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई।
आनन फानन में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी बीरीबारी लाए जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मौके पर छानबीन की। मौका देख फायरिंग करने वाला युवक फरार हो गया।
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही वीडियो रिकार्डिंग कब्जे में ले लिया है। एसओ ओमनारायण सिंह का कहना है कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रहीं है। अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं दिया है।