सूबे के विधि, न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा.नीलकंठ तिवारी के शहर वाराणसी में एक महिला खिलाड़ी ने अपने कोच के उपर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। सिगरा स्टेडियम में बैडमिंटन की महिला खिलाड़ी ने कोच पर अनैतिक संबंध के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
इस मामले को लेकर सोमवार को महिला खिलाड़ियों ने सिगरा स्टेडियम में हंगामा भी किया। बाद में इसकी शिकायत जिलाधिकारी योगेश्वर राम राम मिश्र से की गई। डीएम ने दो सदस्यीय समिति का गठन कर एडीएम सिटी को जांच सौंप दी है।
इस बीच आरएसओ डॉ. भगवान राय ने भी जांच के लिए टीम गठित कर दी है। सिगरा स्टेडियम का एक कोच तकरीबन एक दशक से महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहा है।
पीड़ित महिला खिलाड़ी का आरोप है कि कि कोच उसे आगे बढ़ने के बदले उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। कुछ समय से प्रैक्टिस कराने के दौरान लगातार कहता है कि ऐसा नहीं करने पर उसका कैरियर खत्म कर दिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि कुछ साल पहले भी कोच पर ऐसे आरोप लग चुके हैं।
मामला ज्यादा बढ़ने पर महिला खिलाड़ियों ने यह बात अन्य महिला खिलाड़ियों को बताई। इस पर गुस्साई महिला खिलाड़ियों ने स्टेडियम में हंगामा किया। पीड़ित खिलाड़ी ने खेल अधिकारी को अपने साथ हो रही ज्यादती की जानकारी दी। ठोस आश्वासन न मिलने पर बाद में महिला खिलाड़ी जिलाधिकारी से मिली।