कंधे से गिरते ही बंदूक से हुआ फायर
- फोटो : अमर उजाला
ढेलवरिया निवासी पान दूकानदार राजेश सेठ उर्फ कल्लू की हत्या आशनाई के विवाद में की गई थी। शनिवार को यह खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी प्रदीप गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू वरुणा किनारे स्थित मीरा घाट से बरामद किया गया। चाकू मिट्टी में दबाकर छिपाया गया था।
बीते 17 जनवरी की सुबह कल्लू अपनी दूकान के लिए घर से निकला तो वापस नहीं लौटा। 18 जनवरी की दोपहर उसका शव ढेलवरिया क्षेत्र में वरुणा किनारे मीरा घाट के सामने एक गड्ढे में मिला। चाकू से गला रेता गया था। क्षेत्राधिकारी चेतगंज एडिशनल एसपी अनुराग आर्या ने बताया कि आशनाई के चक्कर में ढेलवरिया के ही प्रदीप गौड़ की पान दूकानदार राजेश सेठ से रंजिश थी।
पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि क्षेत्र की ही उसकी 16 वर्षीय प्रेमिका के घर पर कल्लू का आना-जाना लगा रहता था। उस किशोरी की मां से कल्लू के अवैध संबंध थे। प्रदीप को लगता था कि कल्लू की नजर उसकी प्रेमिका पर भी है। प्रदीप इसे लेकर कल्लू को किशोरी के घर आने-जाने से मना करता था।
17 अक्तूबर की रात प्रदीप को किशोरी से पता लगा कि कल्लू उसके घर पर ही मौजूद है। यह सुनकर उसे गुस्सा आया। थोड़ी ही देर बाद किशोरी के घर से कल्लू बाहर निकला और शराब पीने गया। वहां से कल्लू घर की ओर जा रहा था तो प्रदीप उसे रास्ते में मिला और उसे बातों ही बातों में वरुणा किनारे मीरा घाट की ओर ले गया।
इसी दौरान चाकू से कल्लू का गला रेत कर प्रदीप ने उसकी हत्या कर दी। क्षेत्राधिकारी चेतगंज ने बताया कि प्रदीप के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर इंस्पेक्टर जैतपुरा रमेश यादव और चौकाघाट पुलिस चौकी प्रभारी शैलेष मिश्र ने उसे शुक्रवार की शाम नक्खी घाट से गिरफ्तार कर लिया।