वाराणसी चौक थाने के समीप ठठेरी बाजार मोड़ स्थित संजय अग्रवाल की सराफा दूकान में दिनदहाड़े हुई डकैती का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा किया।
एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने डकैती डालने के आरोप में चौक की शीतला गली के शिवम शर्मा, लूट कर लाया गया जेवर छिपाने के आरोप में शिवम के पिता सुधीरनाथ शर्मा, मां विनीता शर्मा और वारदात की योजना बनाने के आरोप में चाहमामा के जीशान को गिरफ्तार किया है।
शिवम के पास डकैती के 265 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए। वारदात में प्रयुक्त जीशान और शिवम के मोबाइल के साथ ही दोनों के पास से एक कट्टा-कारतूस भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस को अभी इस वारदात के मास्टर माइंड चौक क्षेत्र की कचौड़ी गली के फैजान, नीलकंठ के अमन कुमार सोनी, हौज कटोरा पत्थर गली के सलमान उर्फ पप्पू नाटे, अल्ताफ, मनोज मामा, दो अज्ञात और चंदौली के सूजाबाद पड़ाव के आजाद की तलाश है।
फरार उक्त प्रत्येक बदमाश पर डीआईजी रेंज ने बारह हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। फरार बदमाशोें की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और चार थानेदारों की छह टीम गठित की गई है।
पुलिस के अनुसार संजय की दूकान से जेवर खरीदने वाले एक सर्राफ की सूचनाओं पर ही फैजान ने डकैती की योजना बनाई थी। पुलिस ने उसे चिह्नित करने के लिए सर्राफ संजय से उनके यहां से सामान खरीदने वालों की सूची मांगी है। बता दें कि सर्राफ संजय ने 12 किलोग्राम सोने के जेवरात की डकैती का मुकदमा चौक थाने में दर्ज कराया था।
एसएसपी नितिन तिवारी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि आठ अप्रैल को ठठेरी बाजार में सर्राफ संजय की दूकान मेें डकैती डालने वाले नौ बदमाशों को सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से चिह्नित किया।
वहीं, योजना बनाने वाले में से एक जीशान को कॉल डिटेल के आधार पर चिह्नित किया गया। बदमाशों में से एक शिवम को मुगलसराय के पटेल नगर स्थित उसके मामा संजय के घर से बुधवार को गिरफ्तार किया गया।