ठठेरी बाजार मोड़ स्थित सर्राफ संजय अग्रवाल की दूकान में डकैती डालने के मुख्य आरोपी फैजान की पांच दिन की पुलिस रिमांड स्पेशल सीजेएम उमाकांत जिंदल की अदालत ने स्वीकार की है। फैजान 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर रहेगा।
पुलिस के अनुसार फैजान ने सर्राफ के यहां से लूटे गए सोने के जेवरात मुंबई और मध्य प्रदेश के रीवा में अपने दोस्तों के यहां छिपाकर रखे हैं।
बीते आठ अप्रैल को बदमाश सर्राफ के यहां से 12 किलो सोना लूट ले गए थे।
इस मामले में पुलिस अब तक पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि फैजान ने सरेंडर कर दिया था। वारदात में प्रयुक्त असलहे और लूटा गया सोना बरामद करने के लिए पुलिस ने न्यायालय से फैजान को रिमांड पर लेने की अनुमति मांगी।
कोर्ट को पुलिस ने बताया कि जेल में फैजान ने बयान दिया है कि काफी जेवर गलाकर उसने सोने की सिल्ली तैयार की। वारदात में प्रयुक्त असलहे को अपने परिचित कोलकाता निवासी अब्दुल वहाब के यहां छिपाया।
कुछ सोना मुंबई के कांदीवली निवासी अपने मित्र मो. अली जान की खोली में छिपाकर रखा और कुछ अपने अपराधी मित्र मो. अरशद के यहां रीवा (मध्य प्रदेश) में छिपाकर रखा है। फैजान ने बताया कि उक्त सोना और असलहे वह बरामद करा देगा।
उसने पुलिस को बताया कि कुछ आभूषण और सोने की सिल्ली अपनी जमानत और मुकदमे की पैरवी के लिए मणिकर्णिका घाट पर छिपाकर रखा है। वारदात में प्रयुक्त कुछ असलहे बेनियाबाग पार्क की जमीन में छिपाया है।
पुलिस को काफी तलाशने के बाद भी वे असलहे नहीं मिले तो फैजान ने चलकर बरामद कराने की बात कही। यह तथ्य न्यायालय के संज्ञान में लाकर चौक इंस्पेक्टर ने अदालत से आरोपी फैजान को 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने का अनुरोध किया।
अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर फैजान को देने का आदेश दिया।